भोजपुरी सिनेमा: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह भोजपुरी अभिनेता और गायक और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच विवाद एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर ज्योति सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिना नाम लिए अपने पति पर तंज कसती नजर आ रही हैं। वीडियो में ज्योति कहती हैं कि पति चाहे पैसे वाला न हो, लेकिन वफादार होना चाहिए। उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दुर्गा पूजा के ‘सिंदूर खेला’ का है वायरल वीडियो
वायरल वीडियो दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित ‘सिंदूर खेला’ का बताया जा रहा है। इसमें ज्योति अपनी सहेलियों के साथ नजर आ रही हैं।

वीडियो में उनकी एक दोस्त मां दुर्गा से प्रार्थना करते हुए कहती है कि ज्योति की मांग हमेशा भरी रहे। इस पर ज्योति जवाब देती हैं, “हे माता, अच्छा पति मिले तभी मांग लाल करिएगा, वरना ऐसे ही ठीक है।”
इसके बाद वह कहती हैं कि पति वफादार होना चाहिए, “10 जगह मुंह मारने वाला नहीं।” इसी दौरान उनके पास खड़ी एक अन्य महिला भी टिप्पणी करती दिखाई देती है। ज्योति के इस बयान को पवन सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि वीडियो में उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया है।
अक्षरा सिंह से पवन सिंह ने मांगी थी माफी
ज्योति सिंह का यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में पवन सिंह ने मुंगेर के एक दुर्गा पूजा कार्यक्रम में मंच से अपनी पूर्व सह-कलाकार अक्षरा सिंह भोजपुरी अभिनेत्री और गायिका से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
पवन सिंह ने अक्षरा को ‘बाबू’ कहकर संबोधित किया था। उन्होंने अक्षरा के माता-पिता से भी क्षमा मांगी और भविष्य में साथ काम करने के संकेत दिए थे। इसके बाद दोनों के रिश्ते सुधरने को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।
पवन सिंह और ज्योति सिंह का तलाक मामला अदालत में
पवन सिंह और उनकी दूसरी पत्नी ज्योति सिंह के बीच लंबे समय से अनबन की खबरें सामने आती रही हैं। दोनों के तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है।
वहीं, पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच अतीत में प्रेम संबंध रहे थे। पवन सिंह की शादी के बाद दोनों का रिश्ता टूट गया था। इसके बाद अक्षरा ने पवन सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब ज्योति सिंह का वायरल वीडियो एक बार फिर पवन सिंह की निजी जिंदगी और उनके रिश्तों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।


