
Ranchi: रांची शहर की रहने वाली 11 साल की छोटी सी छात्रा आश्वी वशिष्ठ ने अपनी अनोखी प्रतिभा के दम पर एक बहुत बड़ा कारनामा कर दिखाया है। आश्वी ने अपनी नाक के चारों ओर 1 मिनट में लगातार 80 बार हूला हूप घुमाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) अपने नाम कर लिया है। गुरुवार को जैसे ही इस वर्ल्ड रिकॉर्ड का ऑफिशियल सर्टिफिकेट और मेडल उनके घर पहुंचा, पूरे परिवार और पड़ोसियों में खुशी का माहौल बन गया। DAV कपिलदेव स्कूल में पढ़ने वाली आश्वी ने यह शानदार रिकॉर्ड इसी साल 3 मई को अपने स्कूल कैंपस में बनाया था।

स्केटिंग के साथ हूला हूप घुमाने में भी बनाया है रिकॉर्ड
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से पहले भी आश्वी कई बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने पैरों में इनलाइन स्केट्स (In-Line Skates) पहनकर बैलेंस बनाते हुए नाक पर उल्टी दिशा (Anti-Clockwise) में 6 मिनट 40 सेकेंड तक लगातार 397 बार हूला हूप घुमाया था। इस अनूठे कारनामे के लिए उनका नाम ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में दर्ज किया गया था। इसके अलावा, स्केट्स पर बैलेंस बनाते हुए ही 3 मिनट 46 सेकेंड में 226 बार हूला हूप घुमाने का एक और रिकॉर्ड ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ में भी दर्ज है।


4-5 साल की कड़ी मेहनत का मिला फल
अपर बाजार इलाके के रहने वाले राहुल वशिष्ठ और कविता वशिष्ठ की पोती आश्वी का जन्म 23 सितंबर 2015 को हुआ था। इतनी छोटी सी उम्र में यह बड़ा मुकाम हासिल करने के पीछे उनकी सालों की मेहनत छिपी है। आश्वी ने बताया कि उन्होंने करीब 4 से 5 साल पहले हूला हूप की प्रैक्टिस करना शुरू किया था। आश्वी अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने दादा अशोक शर्मा को देती हैं और उनका कहना है कि दादा जी ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और लगातार प्रैक्टिस करने के लिए प्रेरित किया।



