
Ranchi: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित पिस्का मोड़ पर रविवार सुबह अचानक हड़कंप मच गया। मवेशियों को ले जा रही गाड़ियों को रोककर स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते विरोध इतना उग्र हो गया कि भीड़ ने गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और उन्हें आग के हवाले कर दिया।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, आग पर पाया काबू
बवाल की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकल की गाड़ियों को बुलाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और माहौल को शांत कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई और जांच के लिए अलग-अलग टीमें बना दी गईं।

CCTV और वीडियो से बेनकाब हुए उपद्रवी
पुलिस ने इलाके में लगे CCTV फुटेज, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करके कुल 12 आरोपियों को धर दबोचा।
उपद्रव फैलाने वाले और तस्कर दोनों पहुंचे जेल
पकड़े गए 12 लोगों में से 9 वे उपद्रवी हैं, जिन्होंने कानून हाथ में लेते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाई और वाहनों में आग लगाई। वहीं दूसरी तरफ, अवैध रूप से मवेशियों की हेराफेरी में शामिल 3 तस्करों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।


