
पटना: महासप्तमी के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के तीन दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने दुर्गापूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

मून क्लब से बोरिंग रोड तक पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सबसे पहले जगदेव पथ स्थित मून क्लब की श्री दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह बोरिंग रोड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट के सामने श्री दुर्गा पूजा समिति के भद्र काली मंदिर पंडाल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने बोरिंग रोड चौराहे पर स्थित श्री दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में भी मां दुर्गा की पूजा की।

बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और बिहार विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने राज्य की समृद्धि और प्रदेशवासियों के सुख एवं कल्याण की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने दुर्गापूजा को आस्था और श्रद्धा का पर्व बताते हुए इस अवसर पर सभी बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, विधान पार्षद संजय मयूख, बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, आयोजनकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।


