
Chanita Stephenson: दुनियाभर में अक्सर महिलाएं पेट फूलने या ब्लोटिंग की समस्या को मामूली गैस समझकर इग्नोर कर देती हैं। लेकिन कभी-कभी यह लापरवाही किसी जानलेवा बीमारी का संकेत हो सकती है। मशहूर TV शो ‘मैरिड एट फर्स्ट साइट’ की 32 साल की स्टार चानीता स्टीफनसन के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। चानीता सालों तक पेट फूलने की समस्या को साधारण गैस मानकर टालती रहीं, लेकिन जब असलियत सामने आई तो डॉक्टरों के भी होश उड़ गए।

गैस नहीं, पेट में पल रही थी डेढ़ किलो की सिस्ट

चानीता का पेट इस कदर फूल गया था कि लोग उन्हें प्रेग्नेंट समझने लगे थे। टीवी शो के दौरान भी उनसे अक्सर ऐसे सवाल पूछे जाते थे, जिससे उन्हें बहुत बुरा लगता था। वे खुद को जिम्मेदार मानकर लगातार सप्लीमेंट्स और दवाइयां खाती रहीं। जब पेट का दर्द बर्दाश्त से बाहर हो गया तो वे डॉक्टर के पास पहुंचीं। डॉक्टर ने जैसे ही उनके पेट को छुआ, वह पत्थर जैसा सख्त निकला। जांच के बाद पता चला कि पेट में बच्चा नहीं, बल्कि 17 सेंटीमीटर लंबी और डेढ़ किलो वजनी एक बड़ी सिस्ट यानी गांठ है।

अंगों पर पड़ रहा था भारी दबाव, MRI के दौरान हुईं बेहोश

यह सिस्ट चानीता की किडनी और ब्लैडर पर इतना दबाव बना रही थी कि उन्हें बार-बार टॉयलेट जाना पड़ता था। नसों के दबने की वजह से उनके पैरों में भी भयानक दर्द रहने लगा था। कैंसर टेस्टिंग के दौरान एक वक्त ऐसा आया जब MRI स्कैन कराते समय चानीता बेहोश हो गईं और उनका शरीर सर्वाइवल मोड में चला गया। उस वक्त करीब आठ डॉक्टरों और नर्सों ने उन्हें घेर रखा था और इमरजेंसी अलार्म बज रहा था। अपनी घबराहट कम करने के लिए चानीता ने उस गांठ का नाम ‘टेरी’ रख दिया था, जिसके अंदर 1 लीटर से ज्यादा लिक्विड भरा हुआ था।
ऑपरेशन हुआ सफल, महिलाओं से की यह खास अपील
आखिरकार डॉक्टरों ने चानीता का सफल ऑपरेशन करके उस गांठ को बाहर निकाल दिया। राहत की बात यह रही कि डॉक्टर उनकी ओवरी का एक हिस्सा बचाने में कामयाब रहे, जिससे उनके मां बनने की उम्मीद अभी भी कायम है। सर्जरी के बाद चानीता ने बताया कि वे अब खुद को बहुत हल्का महसूस कर रही हैं और उनका पेट भी नॉर्मल हो गया है। अब वे सोशल मीडिया के जरिए दूसरी महिलाओं को जागरूक कर रही हैं। उनका साफ कहना है कि पेट फूलने या ब्लोटिंग को सिर्फ गैस समझने की भूल न करें, अगर शरीर में कुछ भी गड़बड़ लगे तो तुरंत डॉक्टर से जांच करवाएं।


