
Ranchi: झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी JAC से मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा पास कर चुके छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। अगर आपके मार्कशीट या बाकी सर्टिफिकेट्स में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि या किसी भी तरह की कोई गलती है, तो उसे ठीक कराने के लिए आवेदन की तारीख तय कर दी गई है। जैक प्रशासन ने इसके लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया है।

2000 से लेकर 2024 तक के डाक्यूमेंट्स में होगा सुधार
जैक अधिकारियों के मुताबिक झारखंड राज्य बनने के समय यानी साल 2000 से लेकर 2024 तक के सभी पासआउट छात्रों को यह मौका दिया जा रहा है। अगर इस दौरान जारी किए गए किसी भी रजिस्ट्रेशन कार्ड, अंक पत्र, औपबंधिक प्रमाण पत्र, माइग्रेशन या मूल प्रमाण पत्र में कोई स्पेलिंग मिस्टेक या अन्य गड़बड़ी है, तो उसे सुधारने के लिए अर्जी दी जा सकती है।

SIR के काम से JAC दफ्तर में उमड़ी भीड़
दरअसल इस वक्त पूरे झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का काम जोर-शोर से चल रहा है। इस दौरान डाक्यूमेंट्स के वेरिफिकेशन में कई लोगों के सर्टिफिकेट में गलतियां सामने आ रही हैं। यही वजह है कि सुधार कराने के लिए जैक दफ्तर में अचानक लोगों की भारी भीड़ जमा होने लगी। छात्रों और उनके अभिभावकों को परेशानी से बचाने के लिए ही बोर्ड ने 31 दिसंबर तक का लंबा वक्त दिया है, ताकि हर कोई आसानी से अपना सुधार कार्य करा सके।


