
Hazaribagh: हजारीबाग जिले के बड़कागांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एनटीपीसी की पकरी बरवाडीह कोल माइंस से बाणदाग रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई का काम कर रही पीआरसीएल कंपनी के हाइवा ट्रेलर ने एक मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सोनबरसा गांव के रहने वाले थे मृतक रामदेव रजक
मृतक की पहचान बड़कागांव के सोनबरसा गांव निवासी रामदेव रजक (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वे वर्तमान में बड़कागांव के प्रेम नगर में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक, रामदेव रजक खुद पीआरसीएल कंपनी में मजदूर के तौर पर काम कर रहे थे और रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया मुख्य मार्ग जाम
हादसे से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के शव को हजारीबाग-बड़कागांव मुख्य सड़क पर रखकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया है। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। इससे आने-जाने वाले यात्रियों और आम लोगों को भारी दिक्कतों और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण मुआवजे और सुरक्षा की ठोस गारंटी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
कोयला ढुलाई और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
घटना के संदर्भ में स्थानीय लोगों का कहना है कि हजारीबाग-बड़कागांव मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार कोयला गाड़ियों के कारण सड़क हादसे होते रहते हैं, जिनमें अब तक दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग व्यवस्था पर सीधे तौर पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों ने इस पूरे हादसे की सीधी जिम्मेदारी NTPC प्रबंधन और स्थानीय पुलिस-प्रशासन पर ठहराई है।


