
New Delhi: अक्टूबर महीने की शुरुआत के साथ ही आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का जोरदार झटका लगा है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 अक्टूबर 2026 की सुबह-सुबह LPG गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी कर दी हैं। त्योहारी सीजन से ठीक पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के भाव में 62.50 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।

हालांकि, आम परिवारों के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसके दाम पुराने स्तर पर ही बरकरार हैं।

दिल्ली में अब ₹2,810 का हुआ 19 किलो वाला सिलेंडर
तेल कंपनियों की ओर से की गई ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम 62.50 रुपये बढ़कर अब 2,810 रुपये पर पहुंच गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर महीने की शुरुआत में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब फेस्टिव सीजन की शुरुआत में फिर से रेट बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों की लागत बढ़ जाएगी, जिसका सीधा असर बाहर खाने-पीने के शौकीन लोगों की जेब पर पड़ सकता है।
घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत, नहीं बदले 14.2 किलो वाले सिलेंडर के रेट
कमर्शियल सिलेंडर के दाम भले ही बढ़े हों, लेकिन आम घरों की रसोई का बजट बिगड़ने से बच गया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई फेरबदल नहीं हुआ है।
राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है। इसके अलावा आर्थिक राजधानी मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, चेन्नई में 957.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये बनी हुई है।
पटना में सबसे महंगा हुआ कमर्शियल सिलेंडर, ₹3,100 के पार पहुंचा भाव
अगर प्रमुख शहरों की बात करें, तो इस ताजा बढ़ोतरी के बाद सबसे महंगा 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर बिहार की राजधानी पटना में मिल रहा है। पटना में इसकी कीमत 3,029 रुपये से बढ़कर सीधे 3,100.50 रुपये हो गई है।
आपको बता दें कि तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को कच्चे तेल और अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से LPG सिलेंडरों के नए रेट तय करती हैं। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे से बाजार में बाहर का खाना-पीना महंगा होने की आशंका बढ़ गई है।


