
Ranchi: मेकॉन लिमिटेड, रांची की ओर से हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को जवाहर विद्या मंदिर (JVM), श्यामली में कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई और पूरे आत्मविश्वास के साथ मंच से कविताएं प्रस्तुत कीं।

मेकॉन में 1 से 30 सितंबर 2026 तक ‘हिन्दी माह’ मनाया गया था। इस दौरान राजभाषा के कार्यान्वयन और हिन्दी के अधिक से अधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में 6 अक्टूबर को JVM श्यामली में विद्यार्थियों के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई।

‘हिन्दी हमारी पहचान, संस्कृति और स्वाभिमान की भाषा’
कार्यक्रम की शुरुआत मेकॉन के महाप्रबंधक (लौह निर्माण) एवं प्रभारी राजभाषा विश्वजीत कुमार के स्वागत एवं मार्गदर्शी संबोधन से हुई। उन्होंने हिन्दी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हिन्दी हमारी पहचान, संस्कृति और स्वाभिमान की भाषा है। इसे केवल एक भाषा के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और प्रगति के माध्यम के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है।
विद्यार्थियों ने सुनाईं स्वरचित और प्रसिद्ध कवियों की कविताएं
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी स्वरचित कविताओं के साथ ही मूर्धन्य कवियों की रचनाओं का भी पाठ किया। मंच पर बच्चों ने कविता के जरिए अपने भाव और विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को मेकॉन की ओर से शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
‘पुरस्कार से बड़ी उपलब्धि है मंच पर आत्मविश्वास से बोलना’
प्रतियोगिता में सोनी वर्मा, मेकॉन की उप महाप्रबंधक निक्की राज और JVM श्यामली के शिक्षक राहुल कुमार निर्णायक के रूप में मौजूद रहे।
सोनी वर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने बच्चों से कविता और अपनी मातृभाषा के माध्यम से हिन्दी भाषा एवं साहित्य से जुड़े रहने की अपील की।
निक्की राज ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार हासिल करना निश्चित रूप से उपलब्धि है, लेकिन उससे भी बड़ी उपलब्धि मंच पर खड़े होकर अपनी प्रतिभा और विचारों को आत्मविश्वास के साथ व्यक्त करना है।
शिक्षक और राजभाषा टीम के सदस्य भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मेकॉन लिमिटेड, रांची की राजभाषा टीम के सदस्यों के अलावा जवाहर विद्या मंदिर के प्रधानाध्यापक बीएन झा, प्रतियोगिता की समन्वयक प्रियंका कुमारी, विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।


