
Bokaro: बोकारो के सिटी थाना क्षेत्र स्थित नया मोड़ के पास सोमवार को एक दुर्घटना हो गई। प्लांट में काम करने जा रहे मजदूरों से भरी एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में ऑटो में सवार 8 मजदूर घायल हो गए हैं।

महिला को बचाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर ऑटो में सवार होकर प्लांट में ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान नया मोड़ के पास सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में चालक का ऑटो से नियंत्रण हट गया और ऑटो पलट गई। हादसे में चोटिल मजदूर फुलेश्वर ने बताया कि यह घटना अचानक हुई, जिससे किसी को संभलने का अवसर नहीं मिल सका।

स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों ने तुरंत मदद की और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला। सभी 8 घायलों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में 4 मजदूर पेटरवार, 3 जैनामोड़ और 1 मजदूर बाराडीह के निवासी बताए जा रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी एकत्र की है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुट गई है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।


