
Bokaro: बोकारो जिले के चंदनक्यारी विधानसभा अंतर्गत सियालजोड़ी थाना क्षेत्र स्थित वेदांत इलेक्ट्रो स्टील प्लांट से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। रविवार सुबह प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस वन में ड्यूटी के दौरान काम कर रहे दो मजदूरों की अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और हड़कंप का माहौल बन गया।

मृतक मजदूरों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान हजारीबाग जिले के रहने वाले सोहन महतो और धनबाद जिले के रहने वाले समीर अंसारी के रूप में की गई है। दोनों मजदूर वेदांत इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में ब्लास्ट फर्नेस सेक्शन में रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी यह हादसा हुआ।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में दोनों मजदूरों को इलाज के लिए पास के हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक मजदूरों के सहयोगियों और स्थानीय लोगों में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त हो गया है।
गैस लीक होने की आशंका, Police जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय Police की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। प्राथमिक रूप से प्लांट में काम के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने (गैस रिसाव) से मौत होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर Post Mortem के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौतों के सटीक कारणों का पता जांच और Post Mortem रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।


