
Ranchi: राजधानी में जमीन दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खेलगांव थाना पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपी अरुण कमल खलखो को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी बूटी मोड़ के पास का रहने वाला है।

मामला तीन कट्ठा जमीन दिलाने के नाम पर पैसे लेने से जुड़ा है। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो जमीन दी गई और न ही पैसे वापस किए गए।

तीन कट्ठा जमीन दिलाने की हुई थी बात
पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के कोकर निवासी प्रवीण कुमार को खेलगांव थाना क्षेत्र में तीन कट्ठा जमीन दिलाने की बात कही गई थी।
आरोप है कि इसी भरोसे पर प्रवीण कुमार से 10 लाख रुपये से अधिक की रकम ली गई। तय समय बीतने के बावजूद उन्हें जमीन नहीं मिली।
जमीन नहीं मिली तो वापस मांगे पैसे
लंबा समय बीतने के बाद भी जमीन नहीं मिलने पर प्रवीण ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इसके बाद भी पैसे नहीं लौटाए गए।
मामला तब और गंभीर हो गया जब पैसे वापस मांगने पर प्रवीण को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई।
थाने पहुंचा मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद प्रवीण कुमार ने खेलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई। केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की।
पुलिस का कहना है कि छानबीन के दौरान धोखाधड़ी के आरोप से जुड़े तथ्य सही पाए गए। इसके बाद नामजद आरोपी अरुण कमल खलखो को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।


