
Giridih: गिरिडीह में सोमवार को हरितालिका तीज का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर सुहागिनों ने मंदिरों के साथ-साथ घरों में भी भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान महिलाओं ने सोलह श्रृंगार किया और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव-पार्वती का आह्वान किया। पूजा में फल-फूल अर्पित कर सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

मंदिरों से लेकर घरों तक दिखी तीज की रौनक
सुबह से ही तीज को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर पुजारियों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजा संपन्न कराई। महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना की।
तीज के मौके पर घरों में भी पूजा की विशेष तैयारी की गई थी। सज-धजकर महिलाओं ने पूजा में हिस्सा लिया और शिव-पार्वती से अपने वैवाहिक जीवन की खुशहाली की प्रार्थना की।
एक ही दिन पड़ा तीज और गणेश पूजा का पर्व
इस बार पंचांग के अनुसार हरितालिका तीज और गणेश पूजा का पर्व एक ही दिन पड़ा। ऐसे में गिरिडीह में धार्मिक माहौल और भी खास नजर आया। शुभ मुहूर्त में एक ओर सुहागिनें शिव-पार्वती की पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना कर रही थीं, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालु भगवान गणेश का आह्वान कर पूजा-अर्चना में जुटे थे।


