
New Delhi: विदेश यात्रा करने वाले एअर इंडिया के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। एयरलाइन ने अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मोबाइल कनेक्टिविटी की सुविधा देने के लिए ट्रैवल SIM कार्ड ‘ईजीरोम’ उपलब्ध कराने की जानकारी दी है। शुरुआत में यात्रियों को यह SIM कार्ड मुफ्त मिलेगा। हालांकि, कॉलिंग, इंटरनेट और दूसरी रोमिंग सेवाओं के लिए अलग से पैक खरीदना होगा।

30 देशों में मिलेगी सुविधा, रोमिंग पैक के देने होंगे पैसे
Air india की यह सुविधा उत्तरी अमेरिका, यूरोप, एशिया-प्रशांत, ऑस्ट्रेलिया और पश्चिम एशिया के कुल 30 देशों में उपलब्ध होगी। इसका फायदा उन यात्रियों को मिल सकेगा, जो विदेश पहुंचने के बाद मोबाइल कनेक्टिविटी के लिए अलग SIM कार्ड लेने की परेशानी से बचना चाहते हैं।

हालांकि, मुफ्त SIM कार्ड मिलने का मतलब मुफ्त इंटरनेट या कॉलिंग नहीं है। यात्रियों को अपनी जरूरत के हिसाब से रोमिंग पैक लेना होगा और उसका शुल्क देना होगा। उपलब्ध जानकारी में रोमिंग पैक की कीमत, डेटा लिमिट और सुविधा शुरू होने की निश्चित तारीख नहीं बताई गई है।


