
Dumka: दुमका जिले में पिछले पांच दिनों से तेज हवा के साथ बारिश जारी है। इसी बीच मसलिया प्रखंड में अचानक आए तेज चक्रवाती तूफान ने बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि करीब 10 सेकेंड तक चली तेज हवा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। कई घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई है।

नमाज पढ़कर लौट रहे थे ईलताफ
मसलिया के बड़ा डुमरिया पंचायत निवासी 53 वर्षीय अल्ताफ अंसारी नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज हवा की चपेट में आ गए और बताया जा रहा है कि वह करीब 500 मीटर दूर जा गिरे।

परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अल्ताफ परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है।
चार लोग घायल, एक को देवघर ले गए
तूफान की चपेट में आने से तुम्बाबेल गांव के सनीचर सिंह की कमर में गंभीर चोट आई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर ले जाया गया है। वहीं चेतलाल सिंह, कामेश्वर सिंह और बाभनडीहा के दो बच्चों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
40 घरों की छतें क्षतिग्रस्त
तेज हवा का असर गुमरो और बड़ा डुमरिया पंचायत के कई गांवों में देखने को मिला। ग्रामीणों के अनुसार करीब 40 घरों की छतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा चार ट्रांसफॉर्मर, करीब 20 बिजली पोल और एक DP भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
मुआवजे और बिजली बहाली की मांग
तूफान से हुए नुकसान के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों का जल्द सर्वे कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें सरकारी मदद और उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही बिजली के पोल और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने के कारण प्रभावित इलाकों में बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की गई है।


