
Dhanbad: धनबाद रेल मंडल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने 11 अक्टूबर को चार पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसके अलावा तीन ट्रेनें अपने निर्धारित समय से दो से तीन घंटे की देरी से रवाना होंगी, जबकि कुछ ट्रेनें धनबाद की जगह दूसरे स्टेशनों से चलेंगी या वहीं अपनी यात्रा खत्म करेंगी। रेलवे ने यह बदलाव तेतुलमारी-धनबाद-डोकरा हॉल्ट-प्रधानखंता-छोटा अंबोना रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को देखते हुए किया है। ऐसे में रविवार को धनबाद, सिंदरी, गोमो, बोकारो और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है।

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रेलखंड पर चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। इसका असर खासकर उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो रोजाना पैसेंजर और मेमू ट्रेनों से सफर करते हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी का सामना न करना पड़े।

11 अक्टूबर को ये चार पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे ने रविवार, 11 अक्टूबर को सिंदरी, धनबाद और गोमो के बीच चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया है। इनमें ट्रेन संख्या 53323 सिंदरी-धनबाद पैसेंजर, 53334 धनबाद-सिंदरी पैसेंजर, 53327 सिंदरी-गोमो पैसेंजर और 53328 गोमो-सिंदरी पैसेंजर शामिल हैं। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को रविवार के लिए दूसरी व्यवस्था करनी होगी।
भुवनेश्वर-धनबाद समेत तीन ट्रेनें दो से तीन घंटे लेट होंगी रवाना
नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का असर एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों के समय पर भी पड़ेगा। ट्रेन संख्या 18403 भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस शनिवार, 10 अक्टूबर को भुवनेश्वर से अपने निर्धारित समय से 180 मिनट यानी तीन घंटे की देरी से रवाना होगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 18404 धनबाद-भुवनेश्वर एक्सप्रेस रविवार, 11 अक्टूबर को धनबाद से 120 मिनट यानी दो घंटे की देरी से चलेगी। इसी दिन ट्रेन संख्या 13545 आसनसोल-गया मेमू एक्सप्रेस भी आसनसोल से अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से रवाना होगी।
धनबाद नहीं पहुंचेंगी कुछ ट्रेनें, पाथरडीह और बोकारो से ही लौटेंगी
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के अंतिम और शुरुआती स्टेशन में भी अस्थायी बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 68087 विष्णुपुर-धनबाद पैसेंजर 11 अक्टूबर को धनबाद तक नहीं जाएगी। इसकी यात्रा पाथरडीह स्टेशन पर ही खत्म हो जाएगी। वहीं, ट्रेन संख्या 68088 धनबाद-बांकुड़ा मेमू पैसेंजर उसी दिन धनबाद की जगह पाथरडीह स्टेशन से रवाना होगी।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 18019 झाड़ग्राम-धनबाद मेमू एक्सप्रेस 11 अक्टूबर को धनबाद पहुंचने के बजाय बोकारो स्टील सिटी स्टेशन पर ही अपनी यात्रा खत्म करेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 18020 धनबाद-झाड़ग्राम मेमू एक्सप्रेस धनबाद की जगह बोकारो स्टील सिटी स्टेशन से रवाना होगी।


