
Bank Strike News: अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम अटका है, तो उसे बिना देर किए तुरंत निपटा लीजिए। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और वीकेंड की छुट्टियों की वजह से सितंबर में लगातार तीन दिनों तक बैंकों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहने वाला है। ऐसे में अंतिम समय की भागदौड़ और परेशानी से बचने के लिए ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे गुरुवार को ही शाखाओं में जाकर अपने सभी जरूरी लेनदेन पूरे कर लें।

हड़ताल और छुट्टियों का ऐसा रहेगा गणित
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 11 सितंबर को देशभर के बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जाने वाले हैं। इसके ठीक अगले दिन 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार पड़ रहा है, जिसके चलते बैंकों में आधिकारिक छुट्टी रहेगी। वहीं 13 सितंबर को रविवार होने के कारण सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।

शाखाओं में नकद निकासी और चेक क्लीयरेंस अटकेगा
हड़ताल और बंदी के इन तीन दिनों के दौरान आम लोगों के रोजमर्रा के वित्तीय काम बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। शाखाओं में काउंटर से कैश जमा करने, पैसे निकालने, ड्राफ्ट बनवाने और चेक क्लीयरेंस जैसे सारे काम अटक जाएंगे। बैंक यूनियनें मुख्य रूप से हफ्ते में सिर्फ पांच दिन का कार्य दिवस लागू करने और कर्मचारियों की इंसेंटिव योजना की समीक्षा करने जैसी कई पुरानी मांगों को लेकर यह बड़ा कदम उठाने जा रही हैं।
SBI ने ग्राहकों को दी खास सलाह
इस संभावित संकट को देखते हुए देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए अलर्ट जारी किया है। बैंक ने अपील की है कि जरूरी काम पहले ही खत्म कर लें ताकि हड़ताल के दौरान कोई असुविधा न हो। साथ ही बैंक ने स्पष्ट किया है कि शाखाएं बंद रहने के दौरान इमरजेंसी कैश के लिए एटीएम, सीएसपी ग्राहक सेवा केंद्र, यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी। हालांकि जानकारों का मानना है कि हड़ताल लंबी खिंचने पर शहर के कई ATM में भी कैश की किल्लत पैदा हो सकती है, इसलिए पहले से ही पर्याप्त नकदी का इंतजाम रखना बेहतर रहेगा।


