
बाढ़। पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के नवादा गांव में गंगा नदी में मछली मारने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान हथियारबंद लोगों ने एक मल्लाह को गोली मार दी, जबकि लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। सभी घायलों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गंगा में जाल डालकर मछली मार रहे थे मल्लाह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केवल सहनी सुबह करीब पांच बजे गंगा नदी में मछली मारने के लिए जाल डाल रहे थे। उनके साथ दो नावों पर सात से आठ लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान प्रिंस मुखिया के कुछ लोगों द्वारा उन्हें मछली मारने से रोकने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दो दर्जन से अधिक लोग हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर दियारा क्षेत्र में पहुंचे। वहां मछली मारने को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
केवल सहनी के दाहिने हाथ में लगी गोली
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, विवाद के दौरान प्रिंस मुखिया के कुछ लोगों ने केवल सहनी पर गोली चला दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। इसके बाद कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
आरोप यह भी है कि मारपीट के बाद मल्लाहों को वहां से भगा दिया गया और उनकी नाव भी अपने साथ ले जाई गई।
प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर किए जाने की जानकारी है। हालांकि, घायलों की मौजूदा स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल विवाद के कारणों, गोली चलाने के आरोप और नाव ले जाने की शिकायत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।
बाढ़ से रवि शंकर शर्मा की रिपोर्ट।


