
दानापुर रेल मंडल के बाढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में एक महिला यात्री के जहर खाने का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने के बाद यात्रियों ने महिला को बाढ़ स्टेशन पर उतारा, जहां रेल पुलिस की महिला कांस्टेबल ने उसे तत्काल अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

महिला की पहचान खगड़िया जिले के हरिपुर गांव निवासी विभूति सिंह की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तीन बच्चों की मां है और कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मायके में रह रही थी।

बरौनी के पास बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, प्रीति कुमारी किसी काम से पटना की ओर जा रही थी। इसी दौरान बरौनी रेलवे स्टेशन के पास उसने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। महिला की तबीयत बिगड़ने पर यात्रियों ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी। तब तक ट्रेन मोकामा से आगे निकल चुकी थी। यात्रियों ने महिला को बाढ़ रेलवे स्टेशन पर उतार दिया, जहां रेल पुलिस की महिला कांस्टेबल ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया।
पारिवारिक विवाद की बात सामने आई
परिजनों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का पति के साथ विवाद चल रहा था। बताया गया कि वह कुछ दिनों से अपने तीनों बच्चों को बंगाल के जामताड़ा में छोड़कर मायके में रह रही थी। हालांकि, महिला ने जहर खाने का कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट वजह पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद बख्तियारपुर आरपीएफ के दरोगा चक्रपाणि अस्पताल पहुंचे और महिला की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के परिजनों को भी घटना की सूचना दी।
फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर नहीं बताई गई है। रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल, बख्तियारपुर की टीम मामले की छानबीन कर रही है।
(रविशंकर शर्मा की रिपोर्ट)


