
डेहरी-ऑन-सोन: बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने प्रदेश सरकार का खजाना खाली होने के विपक्ष के दावे पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी खजाना खाली होता तो राज्य में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं पर इतनी बड़ी राशि कैसे खर्च की जा रही होती।

मंत्री ने विपक्ष के बयान को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि ऐसे बयानों के जरिए जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं के लिए लगातार राशि उपलब्ध करा रही है।

‘पुल-पुलिया और सड़क के लिए मिलती है राशि’
भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को पुल, पुलिया, सड़क, नाली और भवन निर्माण जैसी विकास योजनाओं के लिए राशि आवंटित की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह राशि सामान की खरीदारी के लिए नहीं होती है। इसी दौरान विपक्ष पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा, “वैसे भी हमारी सरकार लालटेन खरीदने के लिए पैसे नहीं देती है।”
अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद पर भी बोले मंत्री
विधान परिषद चुनाव से पहले जेडीयू विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के बीच चल रही बयानबाजी को लेकर भी मंत्री से सवाल किया गया। हाल के दिनों में दोनों नेताओं की ओर से एक-दूसरे को लेकर बयान सामने आए हैं।
इस पर भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि अनंत सिंह कोई मुद्दा नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और आगामी विधान परिषद चुनाव में जेडीयू समेत एनडीए के सभी उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
प्रशांत किशोर पर भी कसा तंज
जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर की ओर से विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार उतारने के सवाल पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “एक बार बबूल को आम मिल गया तो बबूल आम का फल नहीं देता है। आगे चुनाव में देखिए, सब समझ में आ जाएगा।”
भगवान सिंह कुशवाहा ने इस दौरान कार्यकर्ताओं से विकास के मुद्दे पर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है।
(विकाश चंदन की रिपोर्ट)


