
Giridih: गिरिडीह में सामाजिक कार्यकर्ता और BJP नेता बिनोद सिन्हा के रोड शो में शामिल होने पहुंचे दिल्ली के BJP सांसद और भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी ने झारखंड की सियासत को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया से खास बातचीत करते हुए उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। मनोज तिवारी ने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में रात के अंधेरे में युवाओं पर लाठियां भांजी गईं, जिससे राज्य का युवा और आम जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वक्त में झारखंड में BJP की सरकार बनना बिल्कुल तय है।

राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ वाले बयान पर तंज
विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के नैरेटिव पर भी मनोज तिवारी जमकर भड़के। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि तमिलनाडु और केरल में दशकों तक कांग्रेस की सरकार नहीं रही, और अब जब वहां उनकी सरकार बनी या गठबंधन जीता, तो क्या उसे समाजवादियों ने बनाया था? उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों का एकमात्र एजेंडा युवाओं को गुमराह करना और उन्हें भड़काना रह गया है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

पप्पू यादव के आरोपों पर मनोज तिवारी का पलटवार
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव द्वारा दिल्ली में RSS और BJP कार्यकर्ताओं द्वारा कथित पिटाई के आरोपों को मनोज तिवारी ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव ने यह कभी साफ ही नहीं किया कि असल में किस युवा की पिटाई हुई थी। सांसद ने आरोप लगाया कि सिर्फ फर्जी और फेक वीडियो के सहारे झूठा नैरेटिव सेट करने की कोशिश की जा रही है।
युवाओं को हर सेक्टर में मिला मौका
मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हर सेक्टर में युवाओं के लिए नए अवसर खोले हैं, लेकिन विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि झूठे वीडियो और बयानबाजी से युवाओं को लंबे समय तक बरगलाया नहीं जा सकता और राज्य की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।


