
Giridih: गिरिडीह में उप-चुनाव और संगठन विस्तार की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। शनिवार देर शाम शहर के एक विवाह भवन और पार्टी कार्यालय में भाजपा के विभिन्न मंडलों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से शामिल हुए।

PM मोदी के जन्मदिन पर जनसेवा कार्यक्रमों पर जोर

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को जनसेवा के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में आगामी 7 सितंबर को गिरिडीह के ऐतिहासिक झंडा मैदान में पार्टी की ओर से एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
PM मोदी ने सिखाया जनसेवा का पाठ
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को यह सिखाया है कि निस्वार्थ भाव से जनसेवा कैसे की जाती है। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य के हर जिले में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सादगी और सेवा कार्यों के साथ मना रही है। चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव आते-जाते रहते हैं और भाजपा का यह कार्यक्रम किसी चुनाव को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि जनसेवा के तहत तय किया गया है।
बैठक में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस संगठनात्मक बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, हरमिंदर सिंह बग्गा, संजीत सिंह पप्पू, नवनीत सिंह, पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी, चुन्नुकांत, दिनेश यादव, दिलीप वर्मा, विनीता कुमारी, दीपक यादव, जयशंकर सिन्हा शिंकु, टिंकू सिन्हा, राजेश जायसवाल और संदीप डांगीच समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।


