
Giridih: गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को लगातार एक के बाद एक झटके लग रहे हैं। गुरुवार को पीरटांड़ के हरलाडीह में भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा एक विशाल कार्यकर्ता मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष सम्मेलन में भाजपा के महानगर अध्यक्ष रंजीत राय, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सिकंदर हेंब्रम और श्याम प्रसाद गुप्ता मुख्य रूप से शामिल हुए और कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा।

सुनील बेसरा और गोविंद हेंब्रम के नेतृत्व में हुआ दल-बदल
समारोह के दौरान जेएमएम को बड़ा झटका तब लगा जब पार्टी के प्रमुख नेता सुनील बेसरा और गोविंद हेंब्रम के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने जेएमएम का हाथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। जेएमएम छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालों में हीरालाल प्रसाद, अमीन टुडू, मुकेश किस्कु, प्रकाश हंसदा, बिनोद टुडू, इतवारी मरांडी, मुकेश टुडू, गोविंद हंसदा, प्रसादि महतो, तालेश्वर महतो, प्रभु मुर्मू समेत काफी संख्या में आदिवासी समुदाय और स्थानीय लोग शामिल रहे।


कमल दल का अंगवस्त्र पहनाकर किया गया स्वागत
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नए सदस्यों को कमल निशान अंकित अंगवस्त्र पहनाकर और माला पहनाकर विधिवत पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की जनता जेएमएम की नीतियों से तंग आ चुकी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा भाजपा की विकास नीतियों में विश्वास जताते हुए लगातार पार्टी से जुड़ रही है।
स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस कार्यकर्ता मिलन समारोह के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता संजीव कुमार गुड्डू, सुरेश मंडल, विनय सिंह, चुन्नूकांत और सुरेश साहू समेत भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। नेताओं ने उम्मीद जताई कि पीरटांड़ में इतने बड़े पैमाने पर लोगों के भाजपा में शामिल होने से आने वाले समय में क्षेत्र में पार्टी का संगठन काफी मजबूत होगा।


