
Gumla: गुमला जिले के घाघरा प्रखंड अंतर्गत लेहा बाजारटांड़ के पास रविवार को निजमा पुसो निवासी सतीश मुंडा का शव महुआ के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी गई।

करमा पर्व की खुशियां मनाने गांव आया था सतीश
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया। परिजनों ने बताया कि सतीश करमा पर्व मनाने के लिए लेहा गांव अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था।

प्रेमिका से मुलाकात के कुछ देर बाद हुई घटना
परिजनों के मुताबिक, पर्व के दौरान ही सतीश पास के गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। उसने प्रेमिका से साथ चलने को कहा, लेकिन गांव में पूजा होने के कारण उसने मना कर दिया। इसके बाद सतीश अकेला लौट आया और कुछ समय बाद उसका शव बाजारटांड़ के पास पेड़ से लटका मिला।
घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाघरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों व ग्रामीणों के बयान के आधार पर सभी संभावित पहलुओं से जांच आगे बढ़ा रही है।


