
Gumla: गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलम अंबाटोली गांव में मंगलवार देर रात एक दिल नहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के रहने वाले 66 वर्षीय बुजुर्ग महेंद्र लकड़ा का शव उनके घर के पास ही एक करंज के पेड़ से लटकता हुआ मिला। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

रात में अचानक गायब हुए थे बुजुर्ग, परिजनों ने शुरू की तलाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात महेंद्र लकड़ा अचानक अपने घर से बिना किसी को बताए निकल गए थे। जब काफी देर तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। उनके बेटे मनोहर लकड़ा ने बताया कि रात में जब उनकी पत्नी अचानक सोकर उठी, तो देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था और उसके पिता घर में मौजूद नहीं थे। दरवाजा खोलने के बाद परिवार के लोग गांव और आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन करने लगे।

घर से 100 मीटर दूर मिला शव
खोजबीन के दौरान ही परिजनों ने देखा कि घर से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक करंज के पेड़ से महेंद्र लकड़ा का शव लटका हुआ था। यह देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की तुरंत जानकारी रायडीह थाना पुलिस को दी गई।
मानसिक तनाव और शराब की लत बनी वजह!
सूचना मिलने पर बुधवार सुबह करीब 8 बजे रायडीह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। परिजनों का कहना है कि मृतक महेंद्र लकड़ा काफी समय से शराब का सेवन करते थे और पिछले कुछ दिनों से उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं चल रही थी। बेटे ने आशंका जताई है कि इसी मानसिक परेशानी के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।


