
Giridih: गिरिडीह शहर से पिछले छह दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक शुभम साहू का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया है। उसका शव गिरिडीह-धनबाद रोड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल उसरी फॉल के ऊपरी हिस्से से मिला। शव मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और स्थानीय मछुआरों ने चलाया संयुक्त सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसडीपीओ (SDPO) जितवाहन के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और शैलेंद्र सिन्हा की टीम ने उसरी फॉल इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान स्थानीय मछुआरों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला जा सका।
जंगल में पहले ही मिल चुकी थी बाइक, कई संदिग्धों से पूछताछ
उल्लेखनीय है कि शुभम साहू पिछले छह दिनों से रहस्यमय तरीके से गायब था। लापता होने के दूसरे ही दिन उसकी बाइक उसी उसरी फॉल के पास जंगल इलाके से लावारिस हालत में बरामद हुई थी। बाइक मिलने के बाद से ही पुलिस अनहोनी की आशंका के तहत जांच कर रही थी और इस सिलसिले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा चुकी है।
हत्या या आत्महत्या?, पहेली सुलझाने में जुटी पुलिस
शव मिलने के बाद भी मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शुभम की हत्या कर शव को फॉल में फेंका गया है या फिर उसने आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


