
Bokaro news: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई ट्रैक्टर बैटरियों की चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। चंद्रपुरा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान थाना प्रभारी श्री निवास सिंह ने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 की रात डीवीसी कंपनी ऑफिस परिसर में खड़े बुधन मांझी के ट्रैक्टर (JH09AM-2390) से एक बैटरी चोरी कर ली गई थी। उसी रात थाना मैदान के पास खड़े मोहम्मद सलीन के सोनालिका ट्रैक्टर (JH09H-5186) और पुनीत महतो के ट्रैक्टर (JH09AM-0796) की भी एक-एक बैटरी अज्ञात चोरों ने पार कर दी थी।

संयुक्त शिकायत पर केस दर्ज, छापेमारी टीम का गठन
घटना के बाद तीनों पीड़ित ट्रैक्टर मालिकों ने चंद्रपुरा थाने में संयुक्त रूप से लिखित आवेदन दिया। इसके आधार पर पुलिस ने 12 अक्टूबर 2026 को चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 118/2026, धारा 303(2) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कांड के उद्भेदन, चोरी की गई बैटरियों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।

संडे बाजार से दबोचे गए आरोपी, तीनों बैटरियां बरामद
गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के संडे बाजार से दो आरोपियों ,आदर्श और दिलदार खान, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की कड़ाई से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी की गई तीनों बैटरियां बरामद कर ली गईं। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की है।


