
Bokaro: बोकारो जिले के सेक्टर-12 थाना क्षेत्र अंतर्गत भट्ठा टोला से पिछले कई दिनों से लापता 42 वर्षीय केशवती देवी का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। महिला 4 सितंबर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने सेक्टर-12 थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की तकनीकी जांच और संदेह के आधार पर हिरासत में लिए गए राजमिस्त्री कमरुद्दीन अंसारी से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने महिला की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया।

गला घोंटकर की हत्या, दो दिन बाद दफनाया शव
सिटी DSP राजीव रंजन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 5 सितंबर को ही महिला की गला दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात को छिपाने के इरादे से उसने शव को दो दिनों तक छुपाए रखा और फिर 7 सितंबर को मोहनडीह क्षेत्र में सुनसान जगह पर गड्ढा खोदकर शव को जमीन में दफना दिया था।

FSL टीम और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई खुदाई
आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस टीम उसे वारदात वाली जगह पर लेकर पहुंची। वहां कार्यपालक मजिस्ट्रेट और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम की मौजूदगी में चिन्हित स्थान पर खुदाई करवाई गई, जहां से महिला का शव बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार शव कई दिनों से दबा होने के कारण काफी हद तक डीकंपोज हो चुका था और जानवरों द्वारा भी उसे नुकसान पहुंचाए जाने के निशान मिले हैं।
हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपी कमरुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि राजमिस्त्री ने महिला की हत्या किन कारणों और किस विवाद के चलते की।


