
Bokaro: बोकारो जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस महकमे को 53 नई मोटरसाइकिलें सौंपी गई हैं। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने पुलिस केंद्र से हरी झंडी दिखाकर इन सभी वाहनों को अलग-अलग थानों और क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इन बाइकों की मदद से शहर और ग्रामीण इलाकों में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

GPS से लैस हैं सभी बाइक, मुख्यालय से होगी निगरानी
SP नाथू सिंह मीना ने बताया कि सभी 53 मोटरसाइकिलों में जीपीएस (GPS) सिस्टम लगाया गया है। इसके जरिए जिला मुख्यालय से ही गश्ती गाड़ियों की लोकेशन और गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। GPS होने से किसी भी आपात स्थिति या अपराध की सूचना मिलने पर नजदीकी गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंच सकेगा, जिससे पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम बेहतर होगा।

जिले में अब तक कुल 156 गश्ती बाइक उपलब्ध
बोकारो पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि इससे पहले भी जिले के थानों को 103 मोटरसाइकिलें दी जा चुकी थीं। अब 53 नई बाइक मिलने के साथ ही जिले के विभिन्न थानों में गश्त के लिए कुल 156 मोटरसाइकिलें उपलब्ध हो गई हैं। इससे थानों के पास अपने-अपने क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी रखने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद रहेंगे।
त्योहारों के मद्देनजर सघन गश्त और 112 पर सूचना देने की अपील
आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले भर में विशेष चेकिंग और सघन गश्त अभियान चलाया जा रहा है। SP ने कहा कि इसका मुख्य मकसद लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा बनाना और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सके।


