
Bokaro: तेनुघाट ओपी इलाके में चांपी के पास देर रात एक फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार दो युवक घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

सुबह नहर में दिखी गाड़ी, जुटी भीड़
बताया जा रहा है कि सुबह जब लोगों की नजर नहर में गिरी फॉर्च्यूनर पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तेनुघाट ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली।

बाइक के चकमा देने के बाद बिगड़ा संतुलन
जानकारी के मुताबिक, जैनामोड़ टांड़ मोहनपुर निवासी बबलू कुमार और रोहित कुमार चांपी स्थित अपने ननिहाल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक के अचानक चकमा देने के बाद फॉर्च्यूनर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सड़क किनारे नहर में जा गिरी।
खुद गाड़ी से बाहर निकले दोनों युवक
हादसे के बाद दोनों युवक किसी तरह गाड़ी से बाहर निकलने में कामयाब रहे और नहर से ऊपर आए। सूचना पर पहुंची तेनुघाट ओपी पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया।


