
Bokaro: बोकारो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सह ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेक्टर-1 स्थित सर्किट हाउस के सामने मैदान में हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सफल राजनीतिक सफर और उनके नेतृत्व में हुई देश की उपलब्धियों को याद किया।

25 वर्षों की सेवा यात्रा रही अभूतपूर्व: अमर कुमार बाउरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 साल और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 साल का कार्यकाल उनके मजबूत नेतृत्व और अटूट जनसेवा को दर्शाता है। यह 25 साल का सफर बेहद अभूतपूर्व और अकल्पनीय रहा है। मोदी ने पहले गुजरात को विकास के मामले में नंबर वन बनाया और अब वे भारत को दुनिया का विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

सर्किट हाउस चौक का नाम अब ‘विकसित भारत चौक’
पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और मजबूत करने के साथ-साथ गरीबों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। इसी उपलक्ष्य में यह सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई है। उन्होंने इस दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि बोकारो के सर्किट हाउस चौक को अब ‘विकसित भारत चौक’ के नाम से जाना जाएगा।
दुनिया भर में बज रहा भारत का डंका
नारायणवहीं पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि आज का दिन हर नागरिक के लिए ऐतिहासिक है। PM मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है और देश का डंका बज रहा है। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने हाथों में ज्योति लेकर यात्रा निकाली और पीएम मोदी के दीर्घायु होने की कामना की।


