
Ranchi: रांची जिले के बुंडू नगर पंचायत इलाके में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में दो अलग-अलग विकास योजनाओं के तहत सामुदायिक शौचालयों (कम्युनिटी टॉयलेट) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। धुर्वा मोड़ स्थित टेम्पु स्टैंड के पास 9 सीटर शौचालय और रानी चुंआ इलाके में 5 सीटर शौचालय के निर्माण काम की आधिकारिक शुरुआत की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव, उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव उर्फ लालू और स्थानीय वार्ड सदस्यों ने विधिवत नारियल फोड़कर इस काम की नींव रखी।

48 लाख रुपये से अधिक की आएगी लागत
इन दोनों जगहों पर बनने वाले शौचालयों के निर्माण पर कुल 48 लाख 15 हजार 366 रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि बजट मंजूर होने के साथ ही काम की रफ्तार बढ़ा दी गई है ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द यह सुविधा मिल सके।

लोगों की पुरानी परेशानी होगी दूर
नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव ने कहा कि धुर्वा मोड़ टेम्पु स्टैंड और रानी चुंआ, दोनों ही ऐसे इलाके हैं जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इन जगहों पर शौचालय न होने की वजह से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर इन दोनों योजनाओं का शिलान्यास किया गया है।


