
Ranchi: रांची में एक रिटायर्ड बैंक कर्मचारी से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित आलोक विश्वास ने हटिया के डुंगरी निवासी शशि भूषण सिंह पर अपनी जीवनभर की जमापूंजी हड़पने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ने अरगोड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बैंक में हुई थी जान-पहचान, जरूरत बताकर मांगा था 10 लाख का कर्ज
शिकायत में आलोक विश्वास ने बताया कि वह 30 जून 2018 को इलाहाबाद बैंक से रिटायर हुए थे। आरोपी शशि भूषण सिंह का खाता भी जीईएल चर्च शाखा में होने की वजह से दोनों के बीच जान-पहचान और बातचीत शुरू हुई थी। साल 2022 में आरोपी ने खुद की बेहद जरूरी पारिवारिक और निजी समस्या का हवाला देते हुए उनसे 10 लाख रुपये उधार मांगे। उसने भरोसा दिलाया था कि वह महज छह महीने के भीतर पूरे पैसे लौटा देगा।

FD तोड़कर दिए थे पैसे, तय समय बीता तो करने लगा आनाकानी
आरोपी के झांसे में आकर बुजुर्ग बैंक कर्मी ने अपने रिटायरमेंट की जमापूंजी का सहारा लिया। उन्होंने हरमू शाखा में अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाई और 11 अक्टूबर 2022 को 20 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद बाकी बचे 9.80 लाख रुपये दो अलग-अलग चेक के जरिए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब छह महीने का तय वक्त बीत गया और आलोक विश्वास ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी बहानेबाजी और टालमटोल करने लगा। काफी कोशिशों के बाद भी जब रकम वापस नहीं मिली, तब जाकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।


