
Giridih: गिरिडीह जिले में लीज क्षेत्र से अधिक जमीन पर पत्थरों का अवैध उत्खनन करने के मामले में खनन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। माइनिंग निरीक्षक शुभम ने जमुआ थाने में आवेदन देकर दो लीज धारकों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है। DMO के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद से इलाके के खनन माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

बदडीहा स्थित पत्थर खदान में चल रहा था खेल
माइनिंग इंस्पेक्टर शुभम के अनुसार जमुआ थाना क्षेत्र के बदडीहा स्थित पत्थर खदान में कई महीनों से तय लीज एरिया से बाहर जाकर पत्थरों की अवैध खुदाई की जा रही थी। विभाग को लगातार इस अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद खनन विभाग की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर औचक छापेमारी की, जहां शिकायत पूरी तरह से सही पाई गई।

दो खदान मालिकों को बनाया गया आरोपी
जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद लीजधारक फर्म ‘महादेव स्टोन लिमिटेड’ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। खनन विभाग के अनुसार बदडीहा की इस खदान के लीजधारक विकास कुमार और धनंजय कुमार बताए जा रहे हैं। जमुआ थाना पुलिस ने माइनिंग इंस्पेक्टर के आवेदन के आधार पर प्राथमिक दर्ज कर ली है और मामले की आगे की कानूनी जांच में जुट गई है।


