
Gumla: गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित बुरहु गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां चैता उरांव नाम के एक व्यक्ति ने अपने ही घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

रात में खाना खाकर सोने गया था व्यक्ति
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चैता उरांव सोमवार की रात लगभग 8 बजे खाना-पीना खाकर अपने कमरे में अकेले सोने चला गया था। मंगलवार की सुबह जब काफी देर बीत जाने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज या हलचल नहीं हुई।

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे परिजन
अंदर से कोई जवाब न मिलने पर चिंतित परिजनों ने दरवाजा तोड़ने का फैसला किया। जब दरवाजा तोड़कर परिजन कमरे के अंदर दाखिल हुए, तो सामने चैता उरांव का शव घर के अल्बेस्टर पाइप में साड़ी का फंदा बनाकर लटक रहा था। यह नजारा देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना तुरंत घाघरा थाना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। खुदकुशी के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है, फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।


