
Ranchi: राजधानी रांची में गणेश पूजा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ के काजू बागान, पिस्का मोड़ स्थित आवास पर भव्य गणेश पूजा महोत्सव का विशेष आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ गणपति बप्पा की विधिवत आराधना की गई। इस पावन अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर शीश नवाया और समस्त राज्यवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की।

राज्यपाल ने दीं शुभकामनाएं, बप्पा के जयकारों से गूंजा परिसर
समारोह के दौरान पूरे परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। पूजा में शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे पर्व-त्योहारों की मूल पहचान यही है कि हम समूचे प्रदेश और देश के मंगल की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव की यह पावन परंपरा महाराष्ट्र से लेकर देश के अधिकांश हिस्सों में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही है।

गणेश चतुर्थी, तीज और हिंदी दिवस का त्रिवेणी संयोग
आयोजन के दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि आज का दिन बेहद खास है, जहां एक ओर गणेश उत्सव की शुरुआत हुई है, वहीं दूसरी ओर देश भर में हरतालिका तीज का पर्व मनाया जा रहा है और साथ ही राष्ट्रीय हिंदी दिवस भी है। एक ही दिन इन तीन बड़े आयोजनों का यह अद्भुत संयोग अपने आप में पावन और ऐतिहासिक है।
पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन के लिए मांगा आशीर्वाद
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि उनके यहां वर्षों से गणपति बप्पा विराजते आ रहे हैं और पूरे 10 दिनों तक यह पावन उत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बप्पा के आगमन से घर और समाज में सकारात्मक ऊर्जा व आशीर्वाद का संचार होता है। उन्होंने भगवान गणेश से राज्य, देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि आगामी तीन दिनों बाद प्रधानमंत्री 76 वर्ष के होने जा रहे हैं और उनका अब तक का कार्यकाल देश के लिए अत्यंत ऐतिहासिक और अद्भुत रहा है।


