
Koderma: कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी कालीमंडा के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो भारी टेलर वाहनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक टेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी प्रचंड थी कि चालक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे टेलर का चालक वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त केबिन में काफी देर तक फंसा रहा, जिसे बाद में कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

ढलान पर ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार दोनों टेलर रांची की ओर से आ रहे थे और कोडरमा के रास्ते बिहार की तरफ जा रहे थे। घाटी के मार्ग पर दोनों वाहन एक-दूसरे के आगे-पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मेघातरी के समीप एक ढलान पर पीछे चल रहे टेलर का ब्रेक अचानक फेल हो गया। अनियंत्रित टेलर ने आगे चल रहे वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।

तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार रात में टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के दुकानदार और गहरी नींद में सो रहे ग्रामीण तेज आवाज सुनकर जाग गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायल अस्पताल में भर्ती, पहचान की कोशिश जारी
हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने केबिन से निकाले गए घायल चालक को तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस दोनों वाहनों के विवरण और दस्तावेजों के आधार पर मृतक और घायल चालक की पहचान जुटाने में लगी है।


