
Chatra: चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र से 12 साल की एक बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने का मामला सामने आया है। बच्ची को अचानक तेज दर्द और रक्तस्राव की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में बच्ची को भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में जरूरी मेडिकल जांच और उपचार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

परिजनों ने CWC और जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची के परिजनों ने बाल कल्याण समिति (CWC), जिला प्रशासन और पुलिस के सीनियर अधिकारियों से तुरंत दखल देने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, बच्ची की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं और जरूरी चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

सदर अस्पताल पहुंची पुलिस टीम, आरोपी की पहचान की कोशिश
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को बहला-फुसलाकर इस घटना को किसने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान और मेडिकल जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी इस घटना की औपचारिक जानकारी मिलने से इनकार कर रहे हैं। वहीं सदर अस्पताल के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।


