
Chatra : चतरा जिले की हंटरगंज थाना पुलिस ने आपराधिक गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पड़ोसी राज्य बिहार के गया जिले से वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी रामभज्जू यादव को चोरी की बोलेरो गाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया शातिर अपराधी अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, जिसे पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम कर दिया गया।

गुप्त सूचना पर मीरपुर कब्रिस्तान के पास नाकेबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गोपालपुर के रास्ते एक कुख्यात इनामी अपराधी चोरी की बोलेरो से हंटरगंज के जजलो बाजार की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए मीरपुर कब्रिस्तान के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो (BR01PH-5435) को रोककर तलाशी ली गई और उसमें सवार रामभज्जू यादव को धर दबोचा गया।

कागजात मांगने पर खुली पोल, 2 मोबाइल जब्त
पूछताछ के दौरान आरोपी गाड़ी के कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका, जिसके बाद कड़ाई से की गई जांच में बोलेरो के चोरी की होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधी रामभज्जू यादव बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और वह बिहार पुलिस की टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल था। उस पर बिहार सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
झारखंड और बिहार में दर्ज हैं 15 संगीन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शातिर अपराधी रामभज्जू यादव पर हत्या, डकैती, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के करीब 15 मामले झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वह पहले भी कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल चतरा की हंटरगंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


