
Giridih: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का जायजा लेने के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार बुधवार को गिरिडीह पहुंचे। अपने दौरे की शुरुआत में उन्होंने पीरटांड़ प्रखंड कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सीओ (अंचल अधिकारी) और चुनाव कार्य से जुड़े कर्मियों से बातचीत कर गिरिडीह जिले में चल रहे SIR कार्य का पूरा फीडबैक लिया।

अनाथालय पहुंचे निर्वाचन अधिकारी, बच्चों के पहचान पत्र बनाने के निर्देश
प्रखंड कार्यालय में बैठक के बाद मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गिरिडीह शहर के कई इलाकों के निरीक्षण पर निकले। वे विशेष रूप से ईसाई मिशनरी द्वारा संचालित अनाथालय ‘प्रेमदान’ पहुंचे। वहां उन्होंने निवास कर रही ईसाई समुदाय की महिलाओं और सेविकाओं से SIR फॉर्म भरने के संबंध में जानकारी ली। अनाथ बच्चों के संबंध में पूछताछ करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनाथालय में रह रहे सभी बच्चों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनाए जाएं, ताकि वयस्क होने पर उन्हें मतदान का अधिकार मिल सके और वे नागरिकता के मानकों को पूरा कर सकें।

वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से की मुलाकात, लगेगा विशेष शिविर
इसके बाद के. रवि कुमार शहर के वृद्धाश्रम पहुंचे, जहां वहां रह रहे बुजुर्गों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने वृद्धों से बातचीत कर जाना कि उनका नाम वोटर लिस्ट में दर्ज है या नहीं। कई बुजुर्गों ने बताया कि घर छोड़ने के बाद से उनके सारे दस्तावेज घर पर ही छूट गए हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों का पहचान पत्र बनाने के लिए जल्द ही एक विशेष शिविर (कैंप) आयोजित किया जाए।
दौरे में कई आला अधिकारी रहे मौजूद
इस पूरे निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के साथ प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार, सदर एसडीएम धीरेंद्र प्रसाद, सदर अंचल अधिकारी जितेंद्र प्रसाद समेत जिला प्रशासन और चुनाव विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


