
मुंगेर के तारापुर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने चिराग पासवान को लेकर हो रही बयानबाजी पर नाराजगी जताई है। रविवार को पार्टी के प्रधान कार्यालय में राष्ट्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और उनके परिवार की ओर से चिराग पासवान (Chirag Paswan) व उनके बहनोई अरुण भारती को लेकर दिए जा रहे बयानों पर आपत्ति जताई।

मिथिलेश सिंह ने कहा कि कुछ लोग चिराग पासवान को बदनाम और कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चिराग न झुकेंगे और न टूटेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की।

‘जातीय विवाद से दलित एकता कमजोर होगी’
मिथिलेश सिंह ने कहा कि पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान ने दलित एकता को मजबूत करने का काम किया था। उनके मुताबिक, अब जातीय विवाद पैदा कर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने जीतन राम मांझी और उनके परिवार के सदस्यों की ओर से चिराग पासवान और अरुण भारती पर की जा रही कथित व्यक्तिगत टिप्पणियों पर रोक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी से बचना चाहिए।
‘Chirag Paswan सभी वर्गों के युवाओं को साथ लेकर चल रहे’
मिथिलेश सिंह ने कहा कि चिराग पासवान को कभी दलित विरोधी तो कभी अगड़ा विरोधी बताने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे चिराग के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव से जोड़ते हुए कहा कि वह सभी वर्गों के युवाओं को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन को आगे बढ़ाना है। पार्टी कार्यकर्ताओं के नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े होने का भी उन्होंने दावा किया।
‘मुर्दाबाद के नारे लगे तो टकराव बढ़ेगा’
जीतन राम मांझी से अपील करते हुए मिथिलेश सिंह ने कहा कि आपसी बयानबाजी से दलित एकता कमजोर होगी। उन्होंने कहा कि अगर ‘चिराग पासवान मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए जाएंगे तो कार्यकर्ता भी जवाब देने को मजबूर होंगे। इससे आपसी टकराव बढ़ सकता है।
उन्होंने व्यक्तिगत आलोचना से बचने और विकास व संगठन की राजनीति पर ध्यान देने की अपील की।
नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी बोले
मिथिलेश सिंह ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुरेंद्र विवेक को दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर चौधरी, मुंगेर जिलाध्यक्ष प्रमोद पासवान, आईटी सेल जिलाध्यक्ष रोहित सिंह, तारापुर प्रखंड अध्यक्ष जयराम मंडल, संग्रामपुर अध्यक्ष जीवन सिंह और युवा नगर अध्यक्ष विशाल आनंद समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


