
Ranchi: रांची के लालपुर थाना इलाके में जेल मोड़ के पास कोचिंग जा रही एक 16 साल की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवक ने 12वीं की छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके बाल खींचे। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

करमटोली से कर रहा था पीछा, जेल मोड़ पर रोका
घटना सुबह करीब 8:15 बजे की है। छात्रा सुबह 8 बजे अपने घर से कोचिंग के लिए निकली थी और जेल मोड़ की तरफ जा रही थी। करमटोली चौक के पास एक बाइक सवार युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। छात्रा ने शुरुआत में उसे इग्नोर किया और आगे बढ़ती रही, लेकिन युवक लगातार पीछे लगा रहा।

जेल मोड़ के पास पहुंचते ही उसने छात्रा के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद वह जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर बाइक पर बैठने का दबाव बनाने लगा। छात्रा ने जब कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने बदसलूकी करते हुए उसके बाल खींचे।
शोर सुनते ही दौड़े स्थानीय लोग, आरोपी को पकड़ा
छात्रा ने बिना डरे जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और दुकानदार तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद उसे लालपुर थाना पुलिस की कस्टडी में सौंप दिया गया।
बिहार का रहने वाला है आरोपी, बाइक जब्त
पकड़े गए युवक की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक (BR 03 AK 8943) को भी जब्त कर लिया है। लालपुर पुलिस ने छात्रा की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हरकत से इलाके के लोग भी हैरान हैं और सार्वजनिक जगहों पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं।


