
Trisha Singh: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के स्मार्ट सिटी स्थित आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री की दिवंगत बेटी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने शोक में डूबे परिवार से मुलाकात की और दीपिका पांडेय सिंह समेत सभी परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताई। उन्होंने परिवार को इस मुश्किल समय में हिम्मत रखने का भरोसा दिलाया।

“संतान को खोने का दर्द शब्दों से परे”
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोने का दर्द बेहद गहरा और असहनीय होता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत तृषा सिंह को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति और हिम्मत प्रदान करें।
कल्पना सोरेन समेत कई नेता पहुंचे
विधायक कल्पना सोरेन ने भी तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री, राज्यसभा सांसद, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मंत्री के आवास पहुंचे।


