
Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा में सुबह एक दुखद सड़क हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग 75 ई पर हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के ईलीगाड़ा रेलवे फाटक के पास कार और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। कार में सवार लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। पीड़ित प्रदीप सिंह वीर अपने परिवार और बच्चों के साथ कार से जमशेदपुर में आयोजित सत्संग में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार ट्रेलर से टकरा गई।

टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे, तीन की मौके पर मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला और 13 साल की एक बच्ची शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घायलों की नाजुक हालत, जमशेदपुर रेफर
हादसे की जानकारी मिलने पर हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायल प्रदीप सिंह वीर तथा 6 साल की बच्ची को बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल भिजवाया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, ट्रेलर जब्त
पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में शामिल ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।


