
Ranchi: राजधानी रांची के व्यस्त पिस्का मोड़ इलाके में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब गौ तस्करी की आशंका में आक्रोशित लोगों ने एक पिकअप वैन को आग के हवाले कर दिया। यह सनसनीखेज घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। वैन में आग लगते ही उसकी लपटें इतनी तेज हो गईं कि दूर तक धुआं फैल गया और पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया।

दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही सुखदेव नगर थाना और पंडरा ओपी की पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उग्र भीड़ को नियंत्रित किया। साथ ही, आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद जलती हुई पिकअप वैन पर पूरी तरह काबू पाया।

संदिग्ध हिरासत में, थाने में चल रही है कड़ी पूछताछ
इस हिंसक वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्ध लोगों को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से थाने में बिठाकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पूरी घटना के पीछे असल साजिश किसकी थी और वैन में वाकई क्या ले जाया जा रहा था। पुलिस इस मामले में उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है।


