
Ranchi: रात करीब साढ़े 10 बजे रंजीत विश्वकर्मा अपनी पत्नी के साथ दुकान में बैठे थे। तभी कथित तौर पर कुछ लोग दुकान में पहुंचे और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला शुरू कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि रंजीत के सिर और आंख में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

घटना 11 सितंबर की रात की बताई जा रही है। अब मल्लाह टोली निवासी रंजीत विश्वकर्मा (40) ने हिंदपीढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पति पर हमला, पत्नी के साथ भी मारपीट का आरोप
रंजीत ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद उनकी पत्नी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट और अभद्र व्यवहार किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी।
वीडियो वायरल नहीं करने के बदले मांगे लाखों
रंजीत के मुताबिक, कथित वीडियो को वायरल नहीं करने के बदले आरोपियों ने उनसे चार से पांच लाख रुपये की मांग की। इसके साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि विवाद की पूरी वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
नौ लोगों समेत अन्य के खिलाफ केस
मामले में आकाश विश्वकर्मा, रेखा देवी, शिव विश्वकर्मा, सोनी देवी, मानसिंह कुमारी, आशीष प्रसाद, सोनू विश्वकर्मा, कैश और बाबला को नामजद किया गया है।
हिंदपीढ़ी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े आरोपों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमले के कारण, आपत्तिजनक वीडियो से जुड़े दावे और कथित पैसों की मांग समेत पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


