
Ranchi: राजधानी के सुखदेवनगर थाना इलाके में पति-पत्नी द्वारा मिलकर लाखों की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल में दाखिला कराने का झांसा देकर एक परिवार से कुल 14 लाख 7 हजार रुपये ठग लिए गए। इस मामले में मुख्य आरोपी नितीश भारद्वाज और उसकी पत्नी प्रीति कुमारी पाठक के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में नामजद FIR दर्ज कराई गई है।

मेडिकल कॉलेज में ऊंची पहुंच का दिया झांसा
सुखदेवनगर क्षेत्र के न्यू किशोरगंज निवासी शिव कुमार पांडेय (52 वर्ष) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साल 2025 में उनकी मुलाकात आरोपी नितीश भारद्वाज से हुई थी। आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए दावा किया कि फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उसकी सीधी और गहरी पकड़ है। उसने भरोसा दिलाया कि वह शिकायतकर्ता के बेटे के साले अनिकेश तिवारी का दाखिला वहां MBBS कोर्स में बिना किसी परेशानी के करवा देगा।

संस्थान के बजाय निजी खातों में मंगाए 14 लाख रुपये
आरोपियों की बातों में आकर पीड़ित परिवार ने अपने, अपने बेटे और अपनी कारोबारी फर्म गणपति ट्रेडिंग्स के बैंक खातों के जरिए पैसे ट्रांसफर किए। कुछ रकम नकद भी दी गई। इस तरह कुल 14,07,000 रुपये आरोपियों के हवाले कर दिए गए। खास बात यह रही कि आरोपी लगातार दबाव बनाते रहे कि एडमिशन के ये पैसे किसी अधिकृत बोर्ड या कॉलेज के खाते में न डालकर सीधे उनके निजी बैंक खातों में ही भेजे जाएं।
एडमिशन मिला न पैसे, सुखदेवनगर थाने में केस दर्ज
काफी वक्त गुजर जाने के बाद भी जब न तो कोई अलॉटमेंट लेटर मिला और न ही कॉलेज से जुड़ी कोई रसीद, तब पीड़ित को शक हुआ। परिवार ने जब अपने पैसे वापस मांगे या जरूरी कागजात दिखाने को कहा तो आरोपी आनाकानी और टालमटोल करने लगे। खुद के साथ ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने सीधे पुलिस से संपर्क किया।
सुखदेवनगर थाना पुलिस ने हेसल के जनक नगर (पंडरा ओपी क्षेत्र) निवासी आरोपी नितीश भारद्वाज और उसकी पत्नी प्रीति कुमारी पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों की डिटेल्स, पैसों के लेन-देन, व्हाट्सएप चैट और बाकी डिजिटल सबूतों की पड़ताल कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


