
Giridih: गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की याद में शुक्रवार को एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गिरिडीह स्थित ‘स्नेहदीप’ वृद्धाश्रम में उनकी दोनों बेटियों सृष्टि और समृद्धि ने पहुंचकर बुजुर्गों के बीच पूजा-अर्चना का प्रसाद बांटा। मेयर प्रमिला मेहरा के नेतृत्व में दोनों बेटियां आश्रम पहुंचीं और दिवंगत पिता की आत्मा की शांति के लिए आयोजित धार्मिक अनुष्ठान का प्रसाद सभी वृद्धजनों को अपने हाथों से भेंट किया।

बुजुर्गों से मिलकर जानी समस्याएं, दूर करने का दिया भरोसा
आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से दोनों बेटियों ने आत्मीय बातचीत की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने आश्रम में रहने वाले वृद्धजनों की रोजमर्रा की परेशानियों और जरूरतों को ध्यान से समझा। सृष्टि और समृद्धि ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि आश्रम में उन्हें जिन भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।

पिता के जनसेवा कार्यों को किया याद, हर कदम पर साथ रहने का वादा
बातचीत के दौरान दोनों बेटियों ने अपने पिता द्वारा गिरिडीह शहर और क्षेत्र के विकास के लिए किए गए तमाम जनहित के कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। दोनों बेटियों ने बुजुर्गों को यह विश्वास दिलाया कि जब कभी भी उन्हें किसी तरह की मदद या सहारे की जरूरत महसूस होगी, वे एक परिवार की तरह हमेशा उनके पास खड़ी मिलेंगी। आश्रम के बुजुर्गों ने भी दोनों बेटियों को अपना स्नेह और भरपूर आशीर्वाद दिया।


