
Koderma: कोडरमा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क हादसों को कम करने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए गए। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने अधिकारियों से कहा कि दुर्घटना संभावित जगहों को चिह्नित कर वहां सुरक्षा के जरूरी इंतजाम जल्द दुरुस्त किए जाएं।

इन जगहों पर स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं की जांच कर उन्हें ठीक कराने का निर्देश दिया गया।

बिना हेलमेट और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को नियमित वाहन जांच अभियान चलाने को कहा गया। बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों, ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों और बिना वैध दस्तावेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को यह भी कहा गया कि वाहन जांच अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से लगातार निगरानी रखी जाए।
हिट एंड रन मामलों में जल्द मिले मुआवजा
बैठक में हिट एंड रन के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने ऐसे मामलों का जल्द निपटारा करने और पात्र पीड़ित परिवारों को समय पर मुआवजा दिलाने पर जोर दिया।
सर्विस रोड से हटेगा अतिक्रमण
शहरी क्षेत्र में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। खास तौर पर महाराणा प्रताप चौक से सुभाष चौक तक सर्विस रोड पर अतिक्रमण और नो-पार्किंग के मामलों को लेकर बहुविभागीय टीम को कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में अधिकारियों को यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करने का निर्देश दिया गया।


