
Koderma: कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन (KDCA) की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद खुलकर सामने आ गया है। वित्तीय लेन-देन में कथित गड़बड़ी, अंडर-16 क्रिकेट प्रकरण, कोडरमा प्रीमियर लीग (KPL) के आयोजन में अनियमितताओं और स्थानीय क्लबों की उपेक्षा को लेकर पूर्व क्रिकेटरों और विभिन्न क्लब प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को रांची प्रेस क्लब में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान एसोसिएशन के कामकाज में पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाते हुए पूरे वित्तीय रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और पिछली जांच रिपोर्टों को सार्वजनिक करने की जोरदार मांग उठाई गई।

आय-व्यय और बैंक खातों का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रतिनिधियों ने कहा कि क्लब रजिस्ट्रेशन फीस, लाइफ मेंबरशिप शुल्क और एसोसिएशन को मिलने वाले अन्य फंड के इस्तेमाल का कोई स्पष्ट ब्योरा सामने नहीं रखा जा रहा है। वक्ताओं का कहना था कि क्रिकेट गतिविधियों पर हुए खर्च और बैंक खातों के सभी लेन-देन की विस्तृत जानकारी संबंधित पंजीकृत क्लबों को मिलनी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग रखी।

अंडर-16 चयन और KPL में पक्षपात के गंभीर आरोप
पूर्व क्रिकेटरों ने अंडर-16 वर्ग में खिलाड़ियों के चयन को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के चलते प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। इस संबंध में पूर्व में हुई जांच की आधिकारिक रिपोर्ट को भी सार्वजनिक करने की मांग की गई। इसके साथ ही कोडरमा प्रीमियर लीग (KPL) के संचालन, खिलाड़ियों के ड्राफ्ट और टूर्नामेंट से जुड़े वित्तीय लेन-देन की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही गई, ताकि खिलाड़ियों को केवल योग्यता के आधार पर खेलने का मौका मिल सके।
AGM प्रक्रिया और वोटर लिस्ट पर खड़े किए सवाल
एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (AGM) की वैधता और मतदाता सूची की पारदर्शिता पर भी गंभीर आपत्ति जताई गई। प्रतिनिधियों ने 21 सितंबर 2026 को आयोजित बताई गई AGM की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि बैठक की आधिकारिक सूचना, कार्यवाही का विवरण और वैध मतदाता सूची सभी के सामने रखी जाए। आरोप लगाया गया कि कई पुराने और पंजीकृत क्लबों को नजरअंदाज किया जा रहा है और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा।
JSCA से हस्तक्षेप और नियमित लीग कराने की अपील
पूर्व खिलाड़ियों और क्लब प्रतिनिधियों ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) सहित उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप कर KDCA के सभी विवादों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जिले में निष्पक्ष और नियमित क्रिकेट लीग शुरू करने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिशाल सूद, हर्ष सिंह, अमित कुमार सिन्हा, रवि कुमार, सुनील कुमार कश्यप, विभूत लोहानी, राकेश शर्मा और अजय शर्मा मौजूद थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी पर निजी आक्षेप लगाना नहीं, बल्कि जिले में क्रिकेट प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।


